खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई (केसीजी) जिले के शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिवर्तन होने जा रहा है। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी 31 मार्च 2026 को अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने के साथ शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय, महानदी भवन, अटल नगर (नवा रायपुर) द्वारा पूर्व में आदेश जारी किया जा चुका है।

श्री द्विवेदी के सेवानिवृत्त होने के बाद विभागीय कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए शासन ने वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित कर दी है। जारी आदेश के अनुसार, राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव स्थित शासकीय बुनियादी प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य श्री मुकुल साव को अस्थायी रूप से खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
इसके साथ ही मुकुल साव को छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता भाग (1) के सहायक नियम-125 के तहत जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के आहरण एवं संवितरण (डीडीओ) संबंधी अधिकार भी प्रदान किए गए हैं, जिससे विभागीय वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
लाल जी द्विवेदी के कार्यकाल को विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच संतुलित प्रशासन और शैक्षणिक गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए याद किया जाएगा। वहीं, नए प्रभार के साथ मुकुल साव के सामने जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।


