खैरागढ़. मानसून 2026 के दौरान जिले में संभावित बाढ़, जलभराव एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जिला, अनुविभाग एवं तहसील स्तर पर हेल्पलाइन एवं कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर जारी किए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति, बाढ़, जलभराव अथवा प्राकृतिक आपदा की सूचना मिलने पर बिना किसी विलंब के संबंधित कंट्रोल रूम अथवा अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानसून के दौरान राहत एवं बचाव दल पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला, पुलिस, राजस्व तथा आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। आमजन से आग्रह किया गया है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार की आपदा संबंधी जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं।
प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन के अनुसार जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07820-299631 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम के लिए 94792-47401 नंबर जारी किया गया है।
अनुविभागीय स्तर पर सहायता के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), खैरागढ़ के दूरभाष क्रमांक 07820-299315 एवं 8839474206, जबकि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), गंडई-छुईखदान के दूरभाष क्रमांक 07743-263530 एवं 9407620657 उपलब्ध रहेंगे।
इसी प्रकार तहसील स्तर पर तहसील खैरागढ़ के लिए 07820-224230, तहसील छुईखदान के लिए 07743-263503, तहसील गंडई के लिए 07743-260506 तथा तहसील साल्हेवारा के लिए 07743-299647 एवं 9009832630 पर संपर्क कर आवश्यक सहायता एवं जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक जोखिम लेने से बचें, जलमग्न क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा किसी भी प्रकार की बाढ़, जलभराव या अन्य प्राकृतिक आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल हेल्पलाइन नंबरों पर जानकारी दें। प्रशासन का कहना है कि समय पर सूचना मिलने से राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं और जन-धन की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।


