खैरागढ़. आगामी होली पर्व और रमजान महीने को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को खैरागढ़ थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टंकेश्वर प्रसाद साहू, नगर पुलिस निरीक्षक अनिल शर्मा, वरिष्ठ नागरिकों तथा पत्रकारों की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान नागरिकों और पत्रकारों से मिले सुझावों के आधार पर प्रशासन ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई अहम निर्णय लिए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि होली के पूर्व बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इस बार यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग करने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा तथा वाहन चालकों पर कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर पालिका को निर्देश दिए गए हैं कि होली से संबंधित रंग, पिचकारी और अन्य सामग्री बेचने वाली दुकानों को सड़क से निर्धारित दूरी पर ही लगाया जाए। तय सीमा का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सख्त रहेगा। दुपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही होली पर मुखौटे पहनने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। नगर पालिका को ऐसे मुखौटों की जब्ती के निर्देश भी दिए गए हैं।
वहीं 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए होली के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। यदि कहीं डीजे बजता पाया गया तो उसे तत्काल जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि वे होली और रमजान के दौरान आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखें। साथ ही चेतावनी दी गई कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



