खैरागढ़. विद्यालय में छात्राओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में जनपद अध्यक्ष डॉ. राजेश्री शैलेंद्र त्रिपाठी ने महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने बालिका शौचालय निर्माण के लिए ₹2.50 लाख तथा स्मार्ट क्लास के लिए ₹50 हजार की राशि प्रदान करने की घोषणा की। दोनों घोषणाओं से विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ डिजिटल एवं तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्री शैलेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालयों में बेहतर अधोसंरचना के साथ आधुनिक शिक्षा की व्यवस्था होना समय की आवश्यकता है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षण का अवसर मिलेगा, जिससे पढ़ाई को अधिक प्रभावी और रुचिकर बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए तथा विद्यार्थियों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, डॉ. शैलेंद्र त्रिपाठी प्रदेश भाजयुमो कार्यसमिति सदस्य एवं जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि, जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू और जनपद सदस्य माहेश्वरी वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सरपंच ओम झा, मनमोहन मार्को, सुदामा बोरकर, विद्यालय परिवार के सदस्य, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग का विश्वास दिलाया।


