खैरागढ़. छात्र समुदाय के समर्थन में तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित सांसदों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस बुधवार को देशभर के जिला मुख्यालयों में व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगी। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार खैरागढ़ में भी शाम 5 बजे टेंपो चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह विरोध प्रदर्शन केंद्र सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में छात्र समुदाय के समर्थन के साथ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू ने सभी कांग्रेसजनों से कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है। इसके तहत सभी विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व प्रत्याशी, प्रदेश, जिला, ब्लॉक, मंडल एवं सेक्टर पदाधिकारी, नगरीय निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षद, त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि एवं प्रत्याशी तथा पार्टी के सभी अनुषांगिक संगठनों और प्रकोष्ठों के जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री का पुतला दहन किए जाने के बाद युवा कांग्रेस के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके पश्चात NEET छात्रा सुश्री हरिका राव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा। जिला कांग्रेस ने सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू, ब्लॉक कांग्रेस खैरागढ़ शहर अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, खैरागढ़ ग्रामीण अध्यक्ष संदीप सिरमौर, छुईखदान अध्यक्ष रामकुमार पटेल, गंडई अध्यक्ष शत्रुहन (मन्नू) चंदेल तथा मुढ़ीपार अध्यक्ष तेज़ राम वर्मा ने संयुक्त रूप से कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


