खैरागढ़-छुईखदान-गंडई. जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने संवेदनशीलता और सक्रियता का परिचय देते हुए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 1 अप्रैल 2026 से शुरू किए गए इस विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 29 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया गया है।

इनमें ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 8 नाबालिग बालक-बालिकाएं तथा ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत 21 गुमशुदा व्यक्ति शामिल हैं। बिछड़े अपनों के सकुशल मिलने से परिवारों में खुशी का माहौल है और परिजनों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है।
पुलिस टीमों ने इस अभियान के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश तक जाकर लगातार खोजबीन की और तकनीकी व मानवीय प्रयासों के जरिए गुमशुदाओं का पता लगाया।

थाना-वार उपलब्धि पर नजर डालें तो खैरागढ़ थाना क्षेत्र से ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में 1 बालिका और ‘ऑपरेशन तलाश’ में 3 व्यक्तियों को बरामद किया गया। वहीं छुईखदान और गंडई थाना क्षेत्रों से ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में 3-3 बालिकाएं तथा ‘ऑपरेशन तलाश’ में 8-8 गुमशुदा व्यक्तियों को खोज निकाला गया। साल्हेवारा थाना से 1 बालिका, जबकि ठेलकाडीह और गातापार थाना क्षेत्रों से 1-1 गुमशुदा व्यक्ति को उनके परिवार तक पहुंचाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे अप्रैल माह तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और गुमशुदा लोगों की तलाश व सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
जिले में चलाए जा रहे इस मानवीय पहल की सराहना आमजन के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी की जा रही है। यह अभियान न केवल पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाता है, बल्कि समाज के प्रति उसकी संवेदनशील जिम्मेदारी को भी उजागर करता है।




