खैरागढ़. जिले के खैरागढ़ थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा और उपद्रव के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी द्वारा अपने ही परिवार के सदस्यों के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना किए जाने की शिकायत सामने आई थी, जिस पर पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 01, ग्राम पिपरिया निवासी राजारक गौरिया (26 वर्ष) अपने माता-पिता एवं पत्नी के साथ रहकर आए दिन विवाद करता था। वह परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा “मेरे खिलाफ शिकायत करते हो” कहकर धमकाने के साथ ही पिकअप वाहन की मांग को लेकर भी लगातार विवाद किया जाता था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर पाया गया कि आरोपी का व्यवहार आक्रामक और उग्र है तथा भविष्य में भी शांति भंग करने की आशंका बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई की। साथ ही, संभावित शांति भंग को रोकने के उद्देश्य से धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया तथा इसकी सूचना उसके परिजनों को भी दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




