खैरागढ़. वनांचल ग्राम पैलीमेटा में बीती शाम करीब 4 बजे तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, छुईखदान ब्लॉक के ग्राम उरतुली निवासी खुमान पटेल (19), पिता मनहरण पटेल, दुर्गेश पटेल (12), पिता संतलाल पटेल और भुनेश्वर पटेल (20), पिता राम दयाल पटेल मोटरसाइकिल से किसी काम से ग्राम मानपुर पहाड़ी गए थे। वहां से पैलीमेटा पहुंचने के बाद तीनों अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही टाटा पांच कार क्रमांक CG 04 QU 2707 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से तीनों सड़क पर गिर पड़े और खुमान पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गेश और भुनेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को घेर लिया और मोहगांव पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने कार चालक रविशंकर वर्मा (34), पिता धनेश वर्मा, निवासी परसवानी, जिला बलौदाबाजार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




