खैरागढ़. आगामी गणेश विसर्जन एवं झांकी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खैरागढ़ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। थाना खैरागढ़ पुलिस ने पूर्व आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त एवं उपद्रवी प्रवृत्ति के पांच व्यक्तियों को चिन्हांकित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार चिन्हांकित व्यक्तियों के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 60/361/2026, 61/362/2026, 62/363/2026, 63/364/2026 एवं 64/365/2026 के तहत धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों में गजेन्द्र उर्फ गज्जू पटेल (22), पिता दयाराम पटेल, निवासी गोकुलपारा, खैरागढ़; प्रियांशु उर्फ रिशु (20), पिता मनोज निषाद, निवासी वार्ड क्रमांक 18, खैरागढ़; शेख फरहान (23), पिता शेख मकबूल, निवासी वार्ड क्रमांक 13, राजनांदगांव, हाल नूर कैफे, खैरागढ़; जितेन्द्र उर्फ जित्तू पटेल (27), पिता विष्णु पटेल, निवासी अंबेडकर वार्ड, खैरागढ़; तथा यासर खान उर्फ शेरा (25), पिता स्व. यूनुस खान, निवासी वार्ड क्रमांक 07, खैरागढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गणेश विसर्जन एवं झांकी के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए आवश्यकता के अनुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की नागरिकों से अपील
खैरागढ़ पुलिस ने नागरिकों से गणेश उत्सव, झांकी और विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।
शांति और सद्भाव बनाए रखें तथा गणेश उत्सव को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण बनाएं।


