खैरागढ़. बर्फानी धाम राम मंदिर, टिकरापारा में जिला महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आरती रिंकू महोबिया के नेतृत्व में आयोजित तीज महोत्सव एवं मितानिन सम्मान समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र की करीब 500 मितानिनों को सम्मानित किया गया। तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बालोद विधायक संगीता सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि खैरागढ़ विधानसभा विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने अध्यक्षता की। दोनों विधायकों ने मितानिनों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनके योगदान को रेखांकित किया।
स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी कड़ी हैं मितानिनें
मुख्य अतिथि संगीता सिन्हा ने कहा कि मितानिनें गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण, पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए वे लगातार समुदाय के बीच कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि मितानिनों का सम्मान उनके सेवा कार्यों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।
समाज के लिए महत्वपूर्ण है मितानिनों की सेवा
विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि मितानिनें स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीण समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। सीमित संसाधनों के बीच भी वे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि तीज महोत्सव के साथ मितानिनों का सम्मान महिला शक्ति और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने का माध्यम है।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, संदीप सिरमोर, तेजराम वर्मा और नम्रता गिरिराज वैष्णव सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा नीलांबर वर्मा, भुनेश्वर बघेल, विप्लव साहू, किशन रजक, यतेंद्रजीत सिंह, यशेष सिंह, जितेंद्र सिंह गौर, सत्रोहन धृतलहरे, पुरुषोत्तम वर्मा, सुशील कांत पांडे, पूरण सारथी, रविंद्र सिंह गहेरवार, दीपक देवांगन, अनुभा चंद्राकर, हेमलता ठाकुर, कविता जंघेल, हेमकल्याणी तोड़े, मीरा गुलाब चोपड़ा, सुमन पटेल, गीता यादव, लक्ष्मी सिरमोर एवं श्रद्धा अग्रवाल सहित महिला कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
समारोह के दौरान तीज पर्व से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र की करीब 500 मितानिनों को सम्मानित किया गया।

