खैरागढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद के दीया’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक खैरागढ़ में आयोजित हुई। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह तथा दुर्ग संभाग प्रभारी जय नारायण सिंह बस्तरिया की उपस्थिति में हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर को क्षेत्र की प्रत्येक सहकारी समिति में 101-101 दीये जलाकर सेवा और समर्पण का संदेश दिया जाएगा। प्रदेश प्रभारी विक्रांत सिंह और संभाग प्रभारी बस्तरिया ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आयोजित करने का आह्वान किया।
दुर्ग संभाग प्रभारी जय नारायण सिंह बस्तरिया ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में सहकारिता के माध्यम से 83 विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से जैविक खाद उत्पादन, जड़ी-बूटी प्रसंस्करण, तेंदूपत्ता से बीड़ी निर्माण और गन्ने से गुड़ बनाने जैसे पारंपरिक एवं आयवर्धक कार्यों को बढ़ावा देकर समितियों को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने पदाधिकारियों से समितियों के माध्यम से किसानों के साथ निरंतर जीवंत संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आने वाले समय में सहकारिता प्रकोष्ठ और प्राधिकृत अधिकारियों की विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर लागू किया जा सके।
इस अवसर पर सहकारिता जिला संयोजक धरमू पटेल, पंकज सिंह राजपूत, रामकुमार जोशी, चेतन वर्मा, मुकेश वर्मा, निमेष सिंह, कोमल वर्मा, कृष्णा वर्मा, नरेश कुर्रे, यतीश साहू, पेमेंद्र चंदेल, जितेंद्र सिंह और लालाराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


