खैरागढ़. सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन सेवा मिलन’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर बच्चों, माताओं, हितग्राहियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान पोषण, स्वास्थ्य, जनभागीदारी और शासकीय योजनाओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में ‘मेरी पोषण थाली’ का प्रदर्शन कर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को संतुलित आहार में शामिल करने की जानकारी दी गई। बच्चों और माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

न्योता भोज के माध्यम से बच्चों और हितग्राहियों के साथ सामूहिक सहभागिता का वातावरण बनाया गया। वहीं ‘हर घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में मुनगा पौधों का रोपण किया गया। मुनगा में मौजूद पोषक तत्वों तथा बच्चों और परिवारों के पोषण में इसकी उपयोगिता की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। उनके अनुभवों के माध्यम से पात्र परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित और जागरूक किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और महिलाओं के लिए मनोरंजक एवं उपयोगी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनके योगदान को प्रोत्साहित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने बच्चों और महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ने, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शासकीय योजनाओं में जनभागीदारी को मजबूत करने का संदेश दिया गया।


