खैरागढ़. जिले में लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा जलमग्न पुल, पुलिया और रपट को पार करने का जोखिम नहीं उठाने कहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपनी और परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।
लगातार बारिश के चलते जिले के विभिन्न नदी-नालों और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में पिकनिक, सेल्फी लेने या बाढ़ एवं तेज बहाव का नजारा देखने के लिए नदी-नालों के करीब जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है। प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों से दूर रखने तथा अभिभावकों से उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने कहा है।
प्रशासन ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि जिन पुल-पुलियों, रपटों या सड़कों पर पानी बह रहा हो, वहां से आवागमन न करें। पानी का बहाव कम होने तक सुरक्षित स्थान पर रुकें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। मौसम और जलस्तर की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन, पुलिस, नगर सेना, राजस्व और आपदा प्रबंधन की टीमें सतर्क हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है तथा संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव की तैयारियां की गई हैं। नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने और अफवाहों से बचने कहा गया है।
बाढ़ एवं आपदा की सूचना के लिए हेल्पलाइन
किसी भी बाढ़, जलभराव या अन्य आपदा संबंधी आपात स्थिति में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07820-299631 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस कंट्रोल रूम 94792-47401 पर भी सूचना दी जा सकती है।
अनुविभागीय स्तर पर हेल्पलाइन:
एसडीएम खैरागढ़: 07820-299315, 8839474206
एसडीएम गंडई-छुईखदान: 07743-263530, 9407620657
तहसील स्तर पर संपर्क:
खैरागढ़: 07820-224230
छुईखदान: 07743-263503
गंडई: 07743-260506
साल्हेवारा: 07743-299647, 9009832630
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से बारिश के दौरान अनावश्यक जोखिम नहीं लेने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर देने की अपील की है, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य समय पर शुरू किया जा सके।


