खैरागढ़. जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ने लगा है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला शिक्षा विभाग ने 26 सितंबर को बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्कूलों में अवकाश को लेकर स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 26 सितंबर को आयोजित होने वाली त्रैमासिक परीक्षा स्थगित कर दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने सभी संकुल प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों को निर्देशित किया है कि वे अपने संकुल क्षेत्र में बारिश या बाढ़ की स्थिति होने अथवा शाला भवन की स्थिति ठीक नहीं होने पर 26 सितंबर को संबंधित शाला में अवकाश घोषित कर सकेंगे। वहीं जिन संकुल क्षेत्रों में बाढ़ या बारिश का प्रभाव नहीं है और शाला भवन दुरुस्त है, वहां विद्यालय यथावत संचालित होंगे।
इधर, 26 सितंबर 2026 को निर्धारित त्रैमासिक परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 29 सितंबर को पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित की जाएगी।
बता दें कि लगातार बारिश के चलते शुक्रवार को भी छुईखदान विकासखंड के 8 शासकीय स्कूलों में अवकाश देना पड़ा था। इसके साथ ही शुक्रवार को आयोजित त्रैमासिक परीक्षा भी स्थगित करनी पड़ी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कोई भी विद्यार्थी परीक्षा से वंचित नहीं रहेगा। मौसम साफ होने और परिस्थितियां सामान्य होने के बाद जिस विषय की परीक्षा स्थगित हुई है, उसे दोबारा आयोजित किया जाएगा।


