खैरागढ़. जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ केसीजी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गातापार पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का विक्रय कर रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जून 2026 को थाना गातापार को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम गातापार जंगल निवासी एक महिला अपने घर के सामने अवैध रूप से हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बिक्री के लिए रखी हुई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना गातापार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में नियमानुसार दबिश दी।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई, जहां एक महिला संदिग्ध अवस्था में मिली। पूछताछ में उसने अपना नाम योगिता देवांगन (37 वर्ष), पति स्वर्गीय अर्जुन देवांगन, निवासी ग्राम गातापार जंगल, थाना गातापार, जिला केसीजी बताया।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से एक काले रंग के गमछे में रखे हुए पांच झिल्ली पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कुल 5 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी से शराब रखने एवं विक्रय करने संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह किसी प्रकार का वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने बरामद शराब को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया और आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 27/2026 के तहत धारा 34(2), छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया।
विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


