कवर्धा. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में कबीरधाम जिले की एक होनहार छात्रा ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। पीएम श्री नवोदय विद्यालय, उड़ियाकला की छात्रा लोकश्री रजक ने 95 प्रतिशत अंक अर्जित कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
लोकश्री रजक की इस उल्लेखनीय सफलता ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं भी अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय नियमित स्वाध्याय, अनुशासित दिनचर्या तथा अपने शिक्षकों और माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया है।
लोकश्री, शिक्षक दंपति श्री सुखीराम रजक (गुरुजी) और श्रीमती मेघा रजक की ज्येष्ठ पुत्री हैं। परिवार में शिक्षा का माहौल और अभिभावकों का सतत प्रोत्साहन उनकी सफलता में महत्वपूर्ण कारक रहा है।
इस बीच, रजक परिवार के लिए यह खुशी दोगुनी हो गई है। हाल ही में घोषित नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के परिणामों में लोकश्री की छोटी बहन प्रतिष्ठाश्री रजक ने भी सफलता हासिल कर कक्षा 6वीं में प्रवेश सुनिश्चित किया है। एक ही परिवार की दोनों बेटियों की इस उपलब्धि ने क्षेत्र में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने दोनों बहनों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षाविदों का मानना है कि ऐसी उपलब्धियां न केवल विद्यार्थियों को प्रेरित करती हैं, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और विश्वास भी बढ़ाती हैं।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता की यह कहानी यह संदेश देती है कि समर्पण, मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


