खैरागढ़. खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत ₹31.10 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा के निरंतर प्रयासों से क्षेत्र के सात गांवों में सीसी रोड, सामुदायिक भवन और रंगमंच सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में गलियों के पक्कीकरण, आवागमन को सुगम बनाने और सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भवन एवं मंच निर्माण की मांग की जा रही थी। स्वीकृति मिलने के बाद अब इन मांगों को पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है।
इन गांवों में होंगे विकास कार्य
स्वीकृत कार्यों के तहत ग्राम खैरानवापारा में शनि मंदिर के पीछे ₹2.60 लाख की लागत से सीसी निर्माण, ग्राम सरईपतेरा में ₹6.50 लाख से सामुदायिक भवन तथा ग्राम चकनार के वार्ड क्रमांक 12 में ₹5.20 लाख से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह ग्राम धनगांव में मुख्य मार्ग से राजेंद्र वर्मा के घर तक ₹5.20 लाख की लागत से सीसी रोड बनेगी।
ग्राम घिरघोली के आदिवासी पारा में ₹6.50 लाख से सामुदायिक भवन निर्माण, ग्राम पंचायत नादिया के आश्रित ग्राम बसावर में मनहरण टंडन के घर से तुलसीदास रात्रे के घर तक ₹2.60 लाख से सीसी रोड तथा ग्राम लालपुर (पंचायत सरईपतेरा) में ₹2.50 लाख की लागत से रंगमंच का निर्माण कराया जाएगा।
इन कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन, सामाजिक गतिविधियों और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विकास कार्यों की स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने स्वीकृति प्रदान करने पर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री श्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने भी विकास कार्यों की सौगात मिलने पर विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया है।




