खैरागढ़/छुईखदान. विधानसभा खैरागढ़ अंतर्गत जनपद पंचायत छुईखदान की ग्राम पंचायत साखा में ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सरपंच कपिनाथ महोबिया द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पंचायत के आश्रित ग्राम कोर्राय में लंबे समय से पेयजल संकट की समस्या बनी हुई थी, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सरपंच ने तत्काल पहल कर गांव में नवीन बोर खनन कार्य करवाया, जिससे क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित हुई और लोगों को बड़ी राहत मिली।

ग्रामीणों ने बताया कि बोर खनन के बाद अब उन्हें दूर-दराज के जलस्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को इसका सीधा लाभ मिला है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए पंचायत प्रशासन और सरपंच का आभार व्यक्त किया है।
वहीं आगामी मानसून को देखते हुए ग्राम पंचायत साखा एवं आश्रित ग्राम कोर्राय में नाली सफाई और स्वच्छता अभियान भी प्रारंभ कर दिया गया है। पंचायत द्वारा मुख्य मार्गों, मोहल्लों और जल निकासी वाली नालियों की साफ-सफाई कराई जा रही है ताकि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और गंदगी फैलने से बीमारियों का खतरा कम किया जा सके।

सरपंच कपिनाथ महोबिया ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। पेयजल, स्वच्छता और जल निकासी जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

ग्रामीणों का मानना है कि समय रहते किए जा रहे ये कार्य न केवल बरसात के मौसम में राहत प्रदान करेंगे, बल्कि गांव के समग्र विकास और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


