खैरागढ़. आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा 23 सितंबर को जिले में विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 55 हितग्राहियों के आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड बनाए गए और उन्हें मौके पर ही वितरित किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ. आशीष शर्मा, नोडल अधिकारी डॉ. पंकज वैष्णव, डीपीसी अखिलेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को आयुर्वेद के गुणों और दैनिक जीवन में इसके महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही आयुष्मान प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत मिलने वाले निःशुल्क उपचार एवं अन्य जनकल्याणकारी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया।
कलेक्टर चंद्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य है।


