खैरागढ़. जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम झीकादाह में बुधवार दोपहर खेत में काम कर रहे मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद घायल मजदूरों को तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कालकसा निवासी हेमंत पटेल (35), पिता गणपत पटेल, सहित कुछ मजदूर ग्राम झीकादाह के एक खेत में निंदाई का काम करने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक मौसम बदला और बादलों की तेज गर्जना के बीच खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से हेमंत पटेल समेत तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और अन्य मजदूरों ने तीनों को तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद हेमंत पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य मजदूरों का उपचार किया गया। उपचार के बाद दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, हेमंत की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम कालकसा में भी शोक का माहौल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


