खैरागढ़. 26 सितंबर को होने वाले गणेश झांकी विसर्जन को लेकर बुधवार को थाना परिसर खैरागढ़ में गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व टंकेश्वर साहू, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशा रानी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत राम वर्मा, थाना प्रभारी खैरागढ़ अनिल शर्मा और यातायात प्रभारी भीमसेन यादव मौजूद रहे। अधिकारियों ने समितियों को विसर्जन जुलूस के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। इसे देखते हुए इस बार पुलिस और जिला प्रशासन ने विसर्जन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विसर्जन जुलूस के दौरान किसी भी तरह की हुड़दंग या माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुबह 5 बजे के बाद बंद होगा डीजे-धुमाल
नगर के कई हिस्सों में संकरे मार्ग और ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को देखते हुए झांकियों में डीजे और धुमाल की ऊंचाई कम रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल और नगर के अंदर डीजे-धुमाल की आवाज भी कम रखने को कहा गया है, ताकि मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी न हो।
प्रशासन ने झांकी विसर्जन के लिए सुबह 5 बजे तक का समय निर्धारित किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुबह 5 बजे सभी झांकियों में शामिल डीजे और धुमाल बंद करवा दिए जाएंगे। इसके बाद समितियों को बिना डीजे-धुमाल के ही विसर्जन स्थल तक जाना होगा।
हर झांकी के साथ पुलिस जवान, माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई
विसर्जन जुलूस के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रत्येक झांकी के साथ पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। जुलूस के दौरान यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करता पाया गया तो पुलिस उसे हिरासत में लेगी।
प्रत्येक गणेश समिति के लिए अलग ड्रेस कोड और आईडी कार्ड अनिवार्य किया गया है, जिससे जुलूस में शामिल समितियों और सदस्यों की पहचान आसानी से हो सके।
सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट और बाजार मार्गों को लेकर नगर पालिका से अपील
समितियों के सदस्यों ने नगर पालिका को विसर्जन से पहले पूरे नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की अपील की। वहीं गोल बाजार, बख्शी मार्ग और मस्जिद रोड जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में मुनादी करवाकर दुकानदारों से सड़क पर सामान नहीं रखने और इन मार्गों पर वाहन खड़े नहीं करने कहने को कहा गया, ताकि झांकी जुलूस के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
प्रशासन द्वारा यातायात पुलिस को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही झांकी के निर्धारित रूट को पूरी तरह क्लियर रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
5 से अधिक भव्य झांकियां निकलेंगी
रिद्धि सिद्धि गणेश उत्सव समिति के आयश सिंह ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी नगर में 5 से अधिक भव्य झांकियां निकलेंगी। इनमें मुख्य रूप से शिवजी की बारात, खाटू श्याम बाबा और गरुड़ कथा पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से गणेश झांकी विसर्जन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
आयश सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा समितियों को दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा और सभी समितियां शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित विसर्जन में प्रशासन का सहयोग करेंगी।
विसर्जन के दिन शराब दुकान बंद रखने की मांग
बैठक के दौरान गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों ने विसर्जन के दिन शराब दुकानें बंद रखने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। समिति सदस्यों ने शांतिपूर्ण विसर्जन में प्रशासन और पुलिस को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही नगर एवं क्षेत्रवासियों से गणेश झांकी विसर्जन में बड़ी संख्या में शामिल होकर उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की अपील की।


