खैरागढ़. जिला गायत्री परिवार की वार्षिक बैठक बांके बिहारी मंदिर परिसर में श्रद्धा और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ माँ गायत्री की पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार से हुआ। इसके पश्चात बीते वर्ष की आय-व्यय रिपोर्ट तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की गई।
बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए संगठनात्मक योजनाओं का खाका तैयार किया गया। इसमें धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को जनहित से जोड़ते हुए व्यापक स्तर पर संचालित करने का निर्णय लिया गया। विशेष रूप से नारी जागरण, युवा उत्थान, विद्यार्थियों को सांस्कृतिक शिक्षा, नशामुक्ति अभियान, गर्भ संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण यज्ञ जैसे विषयों पर जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के सक्रिय सदस्य डॉ नरेंद्र सोनी को उनके शोध विषय “आत्महत्या की समस्या का सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और विधिक अध्ययन” के लिए वरिष्ठजनों द्वारा सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
बैठक में उपस्थित प्रमुख सदस्यों में प्रभात साहू (जिला समन्वयक), सुरेंद्र सिंह, प्रभुराम वर्मा, विश्वकर्मा, टी.डी. वर्मा, कुंभकार, मिथलेश, भेषमनी साहू, शिव डड़सेना, डॉ नरेंद्र सोनी, नीलिमा गोस्वामी, दुर्गेशनंदिनी श्रीवास्तव, साधना अग्रवाल तथा युवा मंडल के पदाधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में दुर्गेशनंदिनी श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया। शांति पाठ के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभा का समापन हुआ।


