खैरागढ़/छुईखदान. पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज बालाजी राव के मार्गदर्शन में जिला केसीजी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना छुईखदान पुलिस ने लगातार 30 घंटे के अथक प्रयास के बाद कई जिलों में ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सुखविंदर सिंह कडियाला ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मेडिसिन कंपनी में निवेश कर कम समय में पैसा दोगुना करने एवं दवाइयों की सेलिंग पर 30 प्रतिशत कमीशन देने का झांसा देकर प्रार्थी से 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की थी। इस मामले में प्रार्थी रेखचंद जंघेल, निवासी ग्राम बोरई, थाना छुईखदान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रकरण के अनुसार घटना 17 मई 2021 से 13 जनवरी 2022 के मध्य की है। रिपोर्ट के आधार पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 41/2025, धारा 420 एवं 34 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। ठगी के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे और मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह कडियाला लगातार अपना नाम व पता बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा।
जिला केसीजी पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों आरोपियों को दिनांक 05 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सह-आरोपी हुलास कुमार साहू को अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की, जबकि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह कडियाला को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं एवं संभावित पीड़ितों की भी जांच की जा रही है। जिला केसीजी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार के निवेश प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




