खैरागढ़. Khairagarh Chhuikhadan Gandai district (केसीजी) पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मवेशी, एक दोपहिया वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, थाना गातापार क्षेत्र में 22 फरवरी 2026 को पहाड़ी जंगल इलाके में गश्त के दौरान दो व्यक्तियों को मवेशियों को जंगल के रास्ते खैरागढ़ की ओर ले जाते हुए पकड़ा गया। आरोप है कि वे भैंस और पड़वा को कथित तौर पर नागपुर (महाराष्ट्र) स्थित कत्लखाने ले जा रहे थे। मवेशियों के पैर और गले में रस्सी बांधकर उन्हें बिना चारा-पानी के ले जाया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुदरत खान (32) निवासी टीमकीटोला, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) और भुनेश्वर बघेल (35) निवासी गाड़ाघाट, थाना गातापार, जिला केसीजी के रूप में हुई है। पुलिस ने एक भैंस, एक पड़वा (अनुमानित कीमत 11,000 रुपये), तीन प्लास्टिक रस्सियां तथा होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 MU 0414, कीमत लगभग 30,000 रुपये) जब्त की है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धाराएं 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की है।
पुलिस का कहना है कि जिले में पशु तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

