खैरागढ़. शहर से लगे ग्राम सर्रागोंदी के ग्रामीणों को लंबे समय से परेशान कर रही जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से सर्रागोंदी के मुख्य मार्ग पर नाली निर्माण के लिए 5 लाख 88 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। कलेक्टर एवं जिला खनिज न्यास अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल द्वारा जारी स्वीकृति आदेश के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि देवरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित सर्रागोंदी में नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी और घरों से निकलने वाला गंदा पानी कई महीनों से सड़क पर जमा हो रहा था। इससे सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बन जाती थी, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल चलने वालों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्कूली छात्र-छात्राओं की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
ग्रामीण लंबे समय से सड़क किनारे नाली निर्माण की मांग कर रहे थे। क्षेत्रीय जनपद सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा ने समस्या की गंभीरता को देखते हुए सांसद संतोष पांडे तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के माध्यम से जिला खनिज न्यास मद से राशि स्वीकृत कराने की पहल की। उनके प्रयासों के बाद प्रशासन ने नाली निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली बनने से मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या समाप्त होगी, आवागमन सुगम होगा और बारिश के दिनों में लोगों को राहत मिलेगी। स्वीकृति मिलने पर ग्रामवासियों ने जनपद सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।


