खैरागढ़. राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने विश्वविद्यालय के संस्थापक स्व. राजा वीरेन्द्र बहादुर सिंह, स्व. रानी पद्मावती देवी एवं राजकुमारी इन्दिरा सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया। इसके बाद कुलपति ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा आकाश में गुब्बारे छोड़कर स्वतंत्रता पर्व का शुभारंभ किया।
ध्वजारोहण के पश्चात प्रभारी कुलसचिव, अधिष्ठातागण, शिक्षक संघ, संगतकार संघ, कर्मचारी संघ एवं कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने कुलपति का स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण आज देशवासी स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का दायित्व केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे युवा तैयार करना भी है, जो राष्ट्र के विकास, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
खेल प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्पून रेस में हर्ष प्रथम, पवन द्वितीय और वंदना मौर्य तृतीय रहीं। स्पीड वॉक विद्यार्थी वर्ग में पीयूष प्रथम, पवन द्वितीय एवं आकाश यादव तृतीय रहे। कर्मचारी पुरुष वर्ग में राजू कश्यप प्रथम और मनीष कुलकर्णी द्वितीय तथा महिला वर्ग में लता प्रथम और मनीषा द्वितीय रहीं।
स्नैच गेम में विद्यार्थी वर्ग में लिपाक्षी मस्कोले, इशिका मित्र, रूपेश तेंदुलकर, डेरहु, पवन कुमार, अंजलि नामदेव, समिग्या जैन एवं लुमेश कुमार तथा गैर-शिक्षक कर्मचारी वर्ग में सी.पी. गायकवाड, मनीष कुलकर्णी, कौशल जैन, कन्हैया यादव, राजू कश्यप, हर्षल जैन, रिचा तिवारी एवं मनीषा भांडेकर ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थी वर्ग विजयी रहा। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
टंकण और प्रश्नोत्तरी के विजेता भी सम्मानित
विश्वविद्यालय में नवाचार के तहत गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए 17 जून 2026 को कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा की अध्यक्षता में एकल वर्ग में हिन्दी टंकण तथा समूह प्रतिभागिता के अंतर्गत सामान्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में इनके विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
हिन्दी टंकण प्रतियोगिता में डाटा एंट्री ऑपरेटर ऋचा तिवारी प्रथम, सहायक ग्रेड-3 कन्हैया लाल यादव द्वितीय तथा सहायक ग्रेड-3 दीपक जतेरे एवं स्टेनोग्राफर संतोष श्रीवास तृतीय रहे।
सामान्य प्रश्नोत्तरी में प्रथम स्थान राजू सिंह कश्यप, ज्योति रानी झा, प्रतीक टहनगुरिया एवं ओम शंकर हिरवानी की टीम ने हासिल किया। द्वितीय स्थान डोमन लाल बोगा, कन्हैया लाल यादव, संतोष श्रीवास एवं ऋचा तिवारी की टीम तथा तृतीय स्थान दीपक जतेरे, मनीषा भान्डेकर, ओम प्रकाश बागड़कर एवं शलभ मिश्रा की टीम ने प्राप्त किया।
समारोह के दौरान सभी विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। पूरे आयोजन में विश्वविद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और राष्ट्रहित एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

