खैरागढ़. जिला केसीजी की खैरागढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक सराहनीय सफलता हासिल करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को गुजरात के अहमदाबाद से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री, जो अपनी नानी के गांव आई हुई थी, को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को लेकर अहमदाबाद में छिपा हुआ है। इस पर तत्काल एक विशेष टीम गठित कर गुजरात रवाना किया गया।
14 अप्रैल को पुलिस टीम ने अहमदाबाद के ओढव थाना क्षेत्र स्थित आदिनाथ गोकुलनगर सोसायटी में दबिश देकर घेराबंदी की और आरोपी पिंटू बंजारे (18 वर्ष), निवासी डोकराभाठा, थाना खैरागढ़ को हिरासत में लिया। मौके से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपहरण करने और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की। इसके बाद 16 अप्रैल को विधिवत गिरफ्तारी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत नाबालिग बालक-बालिकाओं की खोजबीन और सुरक्षित वापसी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को पुलिस की तत्परता और समन्वय का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।




