खैरागढ़. एशिया के पहले संगीत एवं कला विश्वविद्यालय राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष भी आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है, जिससे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न राज्यों के अभ्यर्थी आसानी से आवेदन कर सकें।

विश्वविद्यालय ने बताया कि विभिन्न संकायों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया 18 मई से 16 जून 2026 तक संचालित की गई। इसके बाद 22 जून से 25 जून के बीच प्रथम अभिरुचि परीक्षा आयोजित हुई। प्रथम चयन सूची में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए शुल्क जमा कर प्रवेश लेने की अवधि 1 जुलाई से 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन संकायों में प्रथम चरण के बाद सीटें रिक्त रहेंगी, वहां द्वितीय चरण में प्रवेश की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके तहत 30 जून से 14 जुलाई तक नए आवेदन पंजीकरण किए जाएंगे। द्वितीय अभिरुचि परीक्षा 20 जुलाई से 22 जुलाई 2026 के बीच आयोजित होगी, जबकि द्वितीय चयन सूची में चयनित अभ्यर्थी 25 जुलाई से 31 जुलाई तक प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर कुलपति के आदेश से प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 तक बढ़ाई जा सकती है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी प्रवेश से वंचित न रहे।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं खैरागढ़ पहुंच रहे हैं। विश्वविद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक पात्र अभ्यर्थी को प्रवेश का अवसर उपलब्ध कराना है और इसी लक्ष्य को लेकर पूरा प्रशासनिक एवं शैक्षणिक स्टाफ लगातार कार्य कर रहा है।
प्रदेश ही नहीं, देशभर में कला और संगीत शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना चुके इस विश्वविद्यालय में हर वर्ष बढ़ती अभ्यर्थियों की संख्या इसकी राष्ट्रीय प्रतिष्ठा को और मजबूत कर रही है। इस बार भी बड़ी संख्या में आवेदन आने से परिसर में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर उत्साह का माहौल है।


