खैरागढ़. नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक रामप्रसाद आंचला ने 28 अक्टूबर को खैरागढ़ पहुंचकर निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के पांच मतदान केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की जानकारी ली।

प्रेक्षक ने नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के मतदान केंद्र क्रमांक 286 एवं 287 तथा शासकीय प्राथमिक शाला क्रमांक-1 स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 238, 239 और 240 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचक नामावली तैयार करने से संबंधित कार्यों की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक बिंदुओं का जायजा लिया।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रेक्षक रामप्रसाद आंचला ने विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचक नामावली तैयार करने, पुनरीक्षण प्रक्रिया तथा प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में कांग्रेस शहर अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, प्रवक्ता कपिलेश महोबिया तथा भाजपा प्रतिनिधि शशांक ताम्रकार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र कुमार ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अविनाश ठाकुर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत कुमार वर्मा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार की जा रही इस प्रक्रिया का उद्देश्य उप निर्वाचन से पहले निर्वाचक नामावली संबंधी कार्यों की समीक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेना है।


