खैरागढ़. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले के स्काउट्स, गाइड्स और रोवर्स ने राज्य स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को 29 अक्टूबर को लोकभवन में आयोजित राज्यपाल पुरस्कार अलंकरण समारोह में सम्मानित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह (आईएएस) और लोकभवन सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना उपस्थित रहे।

समारोह में राज्यपाल ने स्काउट्स एवं गाइड्स से पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और वनों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में स्काउट्स एवं गाइड्स का योगदान महत्वपूर्ण है। राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी पहल बताया।
जिले से जिला संगठन आयुक्त स्काउट धनुष सिंहा और जिला संगठन आयुक्त गाइड सरस्वती बांते के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने प्रतिनिधित्व किया। इनमें सरस्वती शिशु मंदिर खैरागढ़ के राज्यपाल स्काउट अमन कुमार साहू, शासकीय हाईस्कूल ढडार, छुईखदान की राज्यपाल गाइड सोनाली जंघेल तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टोलागांव, खैरागढ़ के राज्यपाल रोवर अमित कुमार मंडावी शामिल रहे। इन प्रतिभागियों ने राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
नए जिले के गठन के बाद पहली बार मिली उपलब्धि
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गठन के बाद पहली बार जिले को यह उपलब्धि हासिल हुई है। इससे जिले में स्काउटिंग एवं गाइडिंग से जुड़े स्काउट, गाइड, रोवर और रेंजर को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। जिले में स्काउटिंग-गाइडिंग गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन तथा अन्य पदाधिकारियों के दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन में लगातार कार्य किया जा रहा है। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिले के पदाधिकारियों, स्काउटरों और गाइडरों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


