खैरागढ़. क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में सड़क सुविधाओं के विस्तार की दिशा में छह प्रमुख सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल इन कार्यों के लिए कुल 13 करोड़ 97 लाख 8 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति के बाद खैरागढ़ और छुईखदान ब्लॉक के विभिन्न गांवों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में छुईखदान ब्लॉक के उदयपुर से खैरी तक 3.53 किमी सड़क के लिए 252.495 लाख रुपये, संडी से पंडरिया तक 3.25 किमी सड़क के लिए 237.195 लाख रुपये तथा संडी से बेलगांव होते हुए ठंढ़ार तक 4.505 किमी सड़क के लिए 211.122 लाख रुपये शामिल हैं।
इसी तरह खैरागढ़ ब्लॉक में जुनवानी से मड़ौदा तक 3.84 किमी सड़क के लिए 219.629 लाख रुपये, अमलीडीह से कुलीकसा तक 3.69 किमी सड़क के लिए 220.469 लाख रुपये और दुल्लापुर से केसला डूंडा रोड तक 4.50 किमी सड़क के लिए 256.170 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को होगा लाभ
इन सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को गति देने और ग्रामीण अधोसंरचना मजबूत करने में भी इन कार्यों की अहम भूमिका रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से इन सड़कों के निर्माण और सुधार की मांग की जा रही थी।
मुख्यमंत्री और ग्रामीण विकास मंत्री का जताया आभार
प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि क्षेत्रीय जनता की सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। सड़कों की स्वीकृति से किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का आवागमन सुगम होगा। जनता की मांगों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी। स्वीकृति पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक के प्रति आभार जताया।


