खैरागढ़. नगर में लगातार बढ़ती अतिक्रमण की समस्या और इसके कारण उत्पन्न हो रही यातायात बाधाओं से निपटने के लिए शनिवार को प्रशासन ने कमर कस ली। राजस्व विभाग, नगर पालिका प्रशासन और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने शहर के मुख्य मार्गों पर उतरकर एक बड़ा बेदखली अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत न्यायालय परिसर के आस-पास, अटल चौक, दुर्गा चौक से लेकर टेम्पो चौक तक सड़कों को घेरकर बनाए गए अवैध चबूतरों, ठेलों और अन्य बेजा कब्जों को जमींदोज कर दिया गया।

शनिवार को अवकाश के दिन हुई इस औचक कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब दो घंटे तक यह अभियान जारी रहा।
शराब दुकान के पास फल-फूल रहे थे अवैध 'चखना सेंटर'
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग पर प्रीमियम शराब दुकान खुलने के बाद से उसके आस-पास अवैध ठेलों और 'चखना दुकानों' की बाढ़ आ गई थी। इन अवैध दुकानों के कारण शाम होते ही मुख्य मार्ग पर असामाजिक तत्वों और वाहनों का जमावड़ा लग जाता था, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।

शनिवार को की गई कार्रवाई के दौरान नगर पालिका ने इन अवैध ठेलों को हटाने के साथ-साथ दुकानों के आगे बढ़ाए गए पक्के चबूतरों को भी ढहा दिया। इसके अलावा, सड़क किनारे अवैध रूप से लगने वाली फलों की रेहड़ियों को भी हटाया गया है।
24 घंटे का अल्टीमेटम: गुपचुप व अन्य ठेले हटाने की चेतावनी

प्रशासन ने मुख्य मार्ग पर लगने वाले गुपचुप (गोलगप्पा) ठेलों और अन्य अस्थायी रेहड़ी-पटरी संचालकों को रविवार तक का अल्टीमेटम दिया है। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि उन्होंने खुद से अपनी दुकानें नहीं हटाईं, तो नगर पालिका पूरे दलबल के साथ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
नगर पालिका के अधिकारियों के मुताबिक, इन दुकानदारों को पहले भी कई बार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई थी, लेकिन निर्देशों की अनदेखी किए जाने के बाद यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
अधिकारियों के कड़े रुख: "अब हर हफ्ते होगी कार्रवाई"
कलेक्टर के निर्देश पर निरंतर जारी रहेगा अभियान
"कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के सख्त निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है और यह आगे भी निरंतर जारी रहेगी। अब हर हफ्ते अवकाश के दिनों में टीम सड़कों पर उतरेगी। रविवार सुबह से भी हमारी टीम अभियान चलाएगी। यातायात विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सड़क किनारे नो-पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों पर तत्काल भारी जुर्माना लगाया जाए।"
— टंकेश्वर प्रसाद साहू, एसडीएम
नए कब्जे तुरंत हटाए, पुरानों को 7 दिन की मोहलत
"आज न्यायालय से लेकर टेम्पो चौक तक नए और अस्थायी कब्जों को तत्काल हटा दिया गया है। जो पुराने कब्जाधारी हैं, उन्हें स्वतः अतिक्रमण हटाने के लिए 7 दिनों का अंतिम समय दिया गया है। इसके बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटा, तो कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होगी। दोबारा कब्जा करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।"
— पुनीत राम वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO)
टेम्पो चौक से हटेंगी सवारी बसें, यातायात होगा सुगम
इस अभियान के दौरान टेम्पो चौक पर रोज बेतरतीब ढंग से खड़ी होने वाली सवारी बसों को भी वहां से हटाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। इन बसों के कारण चौक पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती थी। यातायात विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे बसों के लिए निर्धारित स्टॉपेज सुनिश्चित करें।
जनता का सवाल: क्या इस बार स्थाई रूप से सुधरेगी व्यवस्था?
खैरागढ़ में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई कोई नई बात नहीं है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर बार नगर पालिका ऐसी कार्रवाई करती है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। अब देखना यह होगा कि कलेक्टर के कड़े रुख के बाद प्रशासन का यह 'बुलडोजर एक्शन' लगातार जारी रहता है या फिर हमेशा की तरह कुछ दिनों बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
कार्रवाई के दौरान ये रहे मौजूद
शनिवार को हुई इस संयुक्त कार्रवाई में प्रशासनिक अमले के कई वरिष्ठ अधिकारी खुद मोर्चे पर डटे रहे। इनमें मुख्य रूप से एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, सीएमओ पुनीत राम वर्मा, एसडीओपी आशा रानी, तहसीलदार आशीष देवहारी, राजस्व विभाग के कर्मचारी, नगर पालिका अमला, पुलिस विभाग और यातायात विभाग के जवान मौजूद रहे।


