रायपुर. पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ राजधानी रायपुर में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई, जब वे सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले हुए थे। बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार यह वारदात रायपुर के शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास हुई। बताया जा रहा है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे, तभी तेज रफ्तार बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है। शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। राजधानी में लगातार बढ़ रही चोरी, लूट और झपटमारी की घटनाओं के बीच इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “यह कैसा सुशासन है, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तक सुरक्षित नहीं हैं। आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।” विपक्ष ने राजधानी में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है। राजधानी के वीआईपी इलाके में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।


