रायपुर. कुम्हारी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग के बाद गैस सिलेंडर में हुए जोरदार ब्लास्ट में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में दो बहनें, उनके पिता और डेढ़ साल की मासूम बच्ची शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुम्हारी स्थित एक मकान में बिजली वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। देखते ही देखते आग छत के रास्ते पूरे घर में फैल गई और किचन तक पहुंच गई। इसी दौरान आग की चपेट में गैस सिलेंडर आ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय घर के सभी सदस्य अंदर मौजूद थे। उस वक्त दोनों बहनें घर में थीं, जिनमें से एक शादीशुदा थी और उसकी डेढ़ साल की बेटी भी साथ में मौजूद थी। घर में उनके पिता भी थे। आग और धमाके की भयावहता इतनी अधिक थी कि किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। बाद में घर के अंदर से चारों के जले हुए शव बरामद किए गए। हादसे के बाद पूरा मकान जलकर खाक हो गया।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


