राजनांदगांव. संस्कारधानी राजनांदगांव के बचपन स्कूल में शनिवार, 31 अक्टूबर को विज्ञान प्रदर्शनी (साइंस एक्सपो) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं छत्तीसगढ़ आगास के प्रधान संपादक शरद तिवारी, गौड़ ब्राह्मण समाज की समाजसेविका मंजू शर्मा एवं शकुन तिवारी ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में केजी-2 से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान, पर्यावरण, शिक्षा और सामाजिक विषयों पर आधारित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा तैयार किए गए सौर मंडल, जल शुद्धिकरण, स्मार्ट नगर, पौष्टिक भोजन, सोलर पैनल, वर्षा जल संचयन, स्मार्ट मैथ्स रोबोट, यातायात संकेत, जीवन चक्र, ऋतुएं, सामुदायिक सहयोग, धान्य वर्गीकरण, कचरा प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, बस्तर दशहरा और राज्य-राजधानियों से संबंधित मॉडल विशेष आकर्षण रहे। नन्हे विद्यार्थियों ने अपने मॉडल के माध्यम से विभिन्न वैज्ञानिक और शैक्षणिक विषयों की उपयोगिता को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया।
वहीं प्री-प्राइमरी के नौनिहालों ने इको विलेज मार्केट तैयार कर आयोजन को विशेष रंग दिया। इसमें बाजार, ढाबा, मेला और पारंपरिक चूल्हे पर रोटी बनाने जैसी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण जीवन और पुरानी परंपराओं की झलक दिखाई गई। साथ ही बच्चों को स्वस्थ खान-पान और दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री की पहचान भी कराई गई। इस गतिविधि के जरिए बच्चों को अपने पारंपरिक परिवेश और खूबसूरत बचपन की यादों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
स्कूल के डायरेक्टर राकेश पारख, कार्यक्रम की हेड ऑफ डिपार्टमेंट निधि दीक्षित एवं ज्योति शर्मा ने बताया कि इस तरह की बाल-केंद्रित गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समस्या समाधान की क्षमता, नेतृत्व कौशल, संप्रेषण कला, नवाचार और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही बच्चों को अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
आयोजन को सफल बनाने में स्कूल के डायरेक्टर राकेश पारख, सुनील गोलछा एवं टीकम सोनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने में स्कूल की शिक्षिकाओं ज्योति हरिहरणों, निशा पारख, नेहा बंसोड़े, आयुषी झा, स्वालेहा परवीन, नेहा सिन्हा, यश्वी रंगारी, खुर्शीदा हक ज़ोया, दीप्ति साहू, इशिका पटेल, अंतरा द्विवेदी, अपर्णा सोनी, भावना सोनकर, उर्वशी साहू, निर्मल कुमारी एवं निशि शर्मा की अहम भूमिका रही। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह और उनकी रचनात्मक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।


