खैरागढ़. छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जिला संयोजक का निर्वाचन लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ। प्रांतीय पर्यवेक्षक मनीष मिश्रा की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया में फेडरेशन से जुड़े विभिन्न संगठनों के जिला अध्यक्षों, ब्लॉक संयोजकों एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने सहभागिता की। आपसी विचार-विमर्श और सर्वसम्मति के बाद प्रखर शरण सिंह को लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिला संयोजक निर्वाचित किया गया।


दरअसल, फेडरेशन में शामिल सभी संगठनों के जिला अध्यक्षों ने प्रखर शरण सिंह के पूर्व कार्यकाल में किए गए कार्यों, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक सक्रियता की सराहना करते हुए उन्हें दोबारा जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपने का सुझाव दिया। सभी की सहमति के बाद उनके नाम पर मुहर लगाई गई।

नई कार्यकारिणी में रमेन्द्र डड़सेना को जिला महासचिव तथा रामलाल साहू को जिला सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। निर्वाचन प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। उपस्थित पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम कर्मचारी-अधिकारियों की समस्याओं, लंबित मांगों और अधिकारों के संरक्षण के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी।

नवनिर्वाचित जिला संयोजक प्रखर शरण सिंह ने सभी संगठनों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रांतीय नेतृत्व के करम वर्मा तथा पर्यवेक्षक मनीष मिश्रा के मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि फेडरेशन की एकता, संगठनात्मक मजबूती और कर्मचारी-अधिकारियों के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी संगठनों को साथ लेकर सामूहिक नेतृत्व एवं आपसी समन्वय से कर्मचारी हित में निरंतर संघर्ष और सकारात्मक पहल की जाएगी।

सर्वसम्मति से संपन्न यह निर्वाचन संगठन की एकता, आपसी विश्वास और लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतीक बना।


