कोरबा. जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर के सेप्टिक टैंक में छिपाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने रक्षाबंधन से एक दिन पहले वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद मृतका के परिजनों को लगातार गुमराह करता रहा। करीब 23 दिन बाद शव को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाले जाने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक बरपाली गांव निवासी मनोज उरांव पर अपनी पत्नी की हत्या करने का संदेह है। वारदात के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए सेप्टिक टैंक का इस्तेमाल किया। इसके बाद वह घर में ताला लगाकर फरार हो गया। पत्नी के बारे में पूछे जाने पर परिजनों को अलग-अलग जानकारी देकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश की गई।
इधर, कई दिनों तक महिला के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने और आरोपी के लगातार गायब रहने से उसके मायके पक्ष के लोगों का संदेह बढ़ता गया। मृतका के परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घर और आसपास की परिस्थितियों को लेकर संदेह गहराया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस की मौजूदगी में जांच और खोजबीन के दौरान सेप्टिक टैंक से महिला का शव बरामद किया गया। करीब 23 दिन बाद शव बाहर निकाले जाने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह, वारदात का पूरा घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका को लेकर पुलिस तथ्यों को जुटा रही है। आरोपी मनोज उरांव की तलाश भी की जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


