सहसपुर लोहारा (कवर्धा). सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की कहानी एक बार फिर सामने आई है। सहसपुर लोहारा की प्रतिभाशाली छात्रा प्रतिष्ठाश्री रजक ने जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) प्रवेश परीक्षा 2026-27 में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे कवर्धा जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के साथ ग्रामीण परिवेश के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
प्रतिष्ठाश्री ऐसे परिवार से आती हैं, जहां शिक्षा सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि संस्कार है। उनके पिता श्री सुखीराम रजक और माता श्रीमती मेघा रजक, दोनों ही शिक्षक हैं। घर का शैक्षणिक वातावरण और अनुशासन ने बचपन से ही प्रतिष्ठाश्री के भीतर सीखने की ललक और मेहनत की आदत विकसित की। माता-पिता की निरंतर प्रेरणा और मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस सफलता की सबसे खास बात यह है कि अब प्रतिष्ठाश्री अपनी बड़ी बहन कु. लोकश्री रजक के साथ एक ही संस्थान में पढ़ाई करेंगी। लोकश्री पहले से ही जवाहर नवोदय विद्यालय, उड़िया (कवर्धा) में अध्ययनरत हैं। एक ही परिवार की दो बेटियों का एक साथ नवोदय जैसे प्रतिष्ठित विद्यालय में अध्ययन करना न केवल परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। यह उपलब्धि ग्रामीण समाज में बालिका शिक्षा को लेकर एक सकारात्मक संदेश भी दे रही है।
प्रतिष्ठाश्री की इस सफलता के पीछे निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की महत्वपूर्ण भूमिका भी रही है। खैरागढ़ के शिक्षाविद् श्री गुनाराम चंदेल द्वारा संचालित इस पहल ने सैकड़ों ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराया है। संसाधनों की कमी से जूझ रहे विद्यार्थियों के लिए यह कोचिंग किसी वरदान से कम नहीं है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष उनके मार्गदर्शन में रिकॉर्ड 126 छात्रों का नवोदय विद्यालयों में चयन हुआ है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली प्रतिष्ठाश्री की यह सफलता बताती है कि यदि प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिले, तो वह किसी भी बाधा को पार कर सकती है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह संदेश देगी कि शिक्षा के माध्यम से हर सपना साकार किया जा सकता है।
प्रतिष्ठाश्री रजक और उनके परिवार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए क्षेत्रभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है।

