रायपुर. छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश रखने के निर्देश दिए हैं। यह अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में लागू रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और आवागमन में कठिनाई जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में स्कूली बच्चों को किसी भी तरह के जोखिम से बचाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि 26 सितंबर को बच्चों को घर पर ही रखें, खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं, इसलिए सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में अवकाश संबंधी निर्णय का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिला स्तर पर प्रशासन को मौसम और स्थानीय परिस्थितियों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पहले से ही स्कूलों को स्थानीय स्तर पर बंद करने और परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव के फैसले लिए जा रहे हैं। ऐसे में अब 26 सितंबर को पूरे प्रदेश के विद्यालयों में अवकाश का निर्णय लिया गया है।


