खैरागढ़. बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में भी बीते 24 घंटे से अधिक समय से लगातार बारिश हो रही है। नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद खैरागढ़ में रिद्धि-सिद्धि गणेश उत्सव समिति की आस्था और सेवा की परंपरा बारिश के बीच भी नहीं थमी।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर समिति की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी हवन-पूजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। लगातार हो रही बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भंडारे में पहुंचे और प्रसादी ग्रहण की। समिति के सदस्यों ने बारिश के बीच व्यवस्थाएं संभालीं और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की। सैकड़ों भक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया। बारिश के कारण आयोजन में चुनौतियां जरूर रहीं, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ।

इधर, लगातार बारिश का असर गणेश विसर्जन झांकी पर भी पड़ा है। 26 सितंबर को जिला मुख्यालय खैरागढ़ में निकलने वाली विशाल विसर्जन झांकी अब 27 सितंबर को निकाली जाएगी। नदी-नालों में बढ़े जलस्तर और लगातार बारिश को देखते हुए झांकी की तिथि आगे बढ़ाई गई है।
बारिश के बीच आयोजित भंडारे ने जहां श्रद्धालुओं को प्रसादी और सेवा का अवसर दिया, वहीं समिति की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा भी इस बार मौसम की चुनौती के बीच जारी रही।


