खैरागढ़. छुईखदान थाना क्षेत्र के छिंदारी स्थित नथेला डैम में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। डैम घूमने पहुंचे 16 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार युवक हाउसिंग बोर्ड, भिलाई का रहने वाला था वह अपने चार दोस्तों के साथ नथेला डैम घूमने पहुंचा था। इसी दौरान वह डैम के गहरे हिस्से में चला गया और अचानक पानी में डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पानी में तलाश कर आयुष के शव को बाहर निकाला।
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना ने एक बार फिर डैम और जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था तथा सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि करीब दो माह पहले भी छिंदारी बांध घूमने गए छुईखदान निवासी एक नाबालिग युवक की डूबने से मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बावजूद डैम क्षेत्र में सुरक्षा और लोगों को गहरे पानी से दूर रखने के इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ गई है।


