दुर्ग. नगर के आर्य नगर स्थित बहुचर्चित सामूहिक आत्महत्या मामले में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। शनिवार को आई शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहां दो मासूम बच्चों की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई, वहीं अब एक कथित सुसाइड नोट वायरल होने से पूरे मामले ने और भी सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। पुलिस फिलहाल सुसाइड नोट की सत्यता और उसके पीछे की परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक मृतकों में गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) और पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) शामिल हैं। घटना के दिन पति-पत्नी के शव घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटके मिले थे, जबकि दोनों बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआत में बच्चों की मौत जहरीला पदार्थ सेवन से होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि दोनों बच्चों का गला दबाया गया था। वहीं पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चारों शवों का बिसरा सुरक्षित रख लिया है ताकि आगे की फोरेंसिक जांच में अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक कथित सुसाइड नोट वायरल हो रहा है, जो प्रथम दृष्टया चंचल साहू द्वारा लिखा गया प्रतीत हो रहा है। नोट में लिखा गया है कि उन्होंने अपने माता-पिता के विरोध के बावजूद गोविंद साहू से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद उन्हें पति के कथित अफेयर और अत्यधिक शराब सेवन की जानकारी मिली, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थीं।
कथित नोट में यह भी लिखा गया है कि “बहुत सोचने के बाद” उन्होंने यह कदम उठाया। नोट के अनुसार बच्चों को पहले शराब पिलाई गई और फिर उन्हें नींद का इंजेक्शन दिया गया। आगे लिखा गया है कि पति अत्यधिक शराब पीता था, इसलिए उसे मारना आसान था। हालांकि पुलिस ने अभी तक सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और उसकी हैंडराइटिंग, परिस्थितियों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
Chhattisgarh Police की Mohan Nagar Police Station पुलिस पूरे मामले को फिलहाल पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जोड़कर देख रही है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिवार के करीबियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही दंपती के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।
शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चारों शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए। आर्य नगर की इस हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस सामूहिक मौत के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।


