खैरागढ़/छुईखदान. जिले में सट्टा, जुआ और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केसीजी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छुईखदान क्षेत्र में जयस्तंभ के पास सट्टा संचालित कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से मोबाइल, सट्टा-पट्टी और नगदी रकम जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि छेरकुराम वर्मा पिता स्व. शीतल वर्मा (57 वर्ष) निवासी कानीमेरा, थाना छुईखदान जयस्तंभ के पास लोगों से पैसा लेकर कागज पर अंकों के सामने रुपये लिखकर सट्टा-पट्टी संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल (सैमसंग गैलेक्सी, नीले रंग का), सट्टा-पट्टी लिखी हुई पर्ची, एक डॉट पेन, मोबाइल संदेशों का स्क्रीनशॉट तथा नगदी 1210 रुपये बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 129/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में सट्टा, जुआ और अवैध शराब जैसे अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में छुईखदान पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।



