खैरागढ़/छुईखदान. थाना छुईखदान पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी दीपजोल कलसा (पिता– अमर कलसा, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम कंचारिपारा, 14 परगना, पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को आरोपी बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 77/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर लगातार तलाश की गई, जिसके बाद पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में धारा 64(2)(ड), 96 बीएनएस और धारा 6 पाक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।
जांच में सामने आया कि आरोपी नाबालिग को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था। पुलिस ने 27 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उपजेल सलोनी भेज दिया गया।


