खैरागढ़. खैरागढ़ शहर के इतवारी बाजार और टिकरापारा में अधोसंरचना मद से नवनिर्मित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्सों के आवंटन का मुद्दा अब तूल पकड़ता जा रहा है। निर्माण पूर्ण होने के दो वर्ष बाद भी पात्र हितग्राहियों को दुकानें आवंटित न किए जाने से नाराज शहर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपकर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सर्वे के बावजूद आवंटन में देरी पर सवाल
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन और नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा इतवारी बाजार और टिकरापारा में करोड़ों की लागत से व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। इसके लिए नगर पालिका पूर्व में ही पात्र हितग्राहियों का विधिवत सर्वे कर सूची तैयार कर चुकी है। बावजूद इसके, आवंटन प्रक्रिया को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
नेताओं का कहना है कि आबंटन न होने के कारण छोटे और फुटकर व्यापारी सड़क पर दुकान लगाने को मजबूर हैं, जिससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि व्यापारियों में प्रशासन के प्रति भारी असंतोष है।
सामान्य सभा की एजेंडा सूची से विषय गायब
ज्ञापन में इस बात पर गहरा क्षोभ व्यक्त किया गया है कि आगामी 22 अप्रैल 2026 को होने वाली नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक के लिए जारी विषय सूची (एजेंडा) में इस महत्वपूर्ण मुद्दे को शामिल नहीं किया गया है।
"पार्षद दीपक देवांगन ने 06 अप्रैल को ही इस विषय को सामान्य सभा में जोड़ने हेतु लिखित आवेदन दिया था। इसके बावजूद 13 अप्रैल को जारी बैठक की सूचना में इसे स्थान नहीं देना प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े करता है।"
— मनराखन देवांगन, विधायक प्रतिनिधि
कांग्रेस ने दी आंदोलन की हुंकार
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज की अगुवाई में सौंपे गए इस ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि 22 अप्रैल की बैठक से पूर्व इस विषय को एजेंडा में शामिल कर आवंटन प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता पात्र हितग्राहियों के साथ मिलकर नगर पालिका के विरुद्ध बड़ा जन-आंदोलन करेंगे। साथ ही, बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षद इस मुद्दे पर अध्यक्ष से जवाब मांगेंगे।
इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी महामंत्री शेखर दास वैष्णव भी मौजूद रहे।




