खैरागढ़. राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ रविवार को सिविल अस्पताल खैरागढ़ में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। अभियान का शुभारंभ विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह तथा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने बच्चों को पोलियो वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक पिलाकर किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से अछूता न रह जाए। जिले में इस अभियान के तहत 53 हजार 344 बच्चों को पोलियो वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के प्रथम चरण में जिले के सभी ग्रामों एवं चिन्हित शहरी वार्डों में स्थापित 213 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। प्रत्येक बूथ का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया, जिससे अभियान को व्यापक जनसहभागिता मिली।
कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग के इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग करने और सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाने का आग्रह किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 213 पोलियो बूथ, 427 टीकाकरण दल, 854 दल सदस्य तथा 43 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाएंगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बोधन सिंह परते ने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद है। ऐसे में प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान सभी बच्चों को अतिरिक्त खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से हर अभियान में अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील करते हुए कहा कि यही सतर्कता देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में डॉ. विवेक बिसेन, डॉ. पंकज वैष्णव, डीडीएम खिलेश साहू, डीएएम नवीन चौहान, जिला आरएमएनसीएच+ए कंसल्टेंट कीर्ति चतुर्बिदानी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं तथा जिलेभर में जनजागरूकता के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों तक पोलियो की अतिरिक्त खुराक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।


