खैरागढ़. शहर के दाऊ चौरा वार्ड क्रमांक 16 में नालियों पर अतिक्रमण और कचरा प्रबंधन की अव्यवस्था के कारण जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इसी पर संज्ञान लेते हुए वार्ड पार्षद एवं लोकनिर्माण सभापति विनय देवांगन ने नगरपालिका कर्मचारियों के साथ वार्ड का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कई स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा अपने निजी उपयोग के लिए नालियों को पाट दिया गया है, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है। परिणामस्वरूप सड़क पर पानी भर रहा है और आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद देवांगन ने ऐसे सभी स्थानों से मलबा हटाने और नालियों को शीघ्र साफ कराने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही वार्डवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि कचरा नालियों या सड़कों पर न डालें, बल्कि उसे एकत्रित कर नियमित रूप से सफाई कर्मियों को सौंपें, ताकि वार्ड में स्वच्छता बनी रहे।
पार्षद देवांगन ने कहा कि “स्वच्छ और व्यवस्थित शहर का निर्माण केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, इसमें आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। जब तक जनसहयोग नहीं मिलेगा, तब तक वार्ड और शहर को स्वच्छ बनाए रखना संभव नहीं है।”
नगरपालिका की इस पहल से वार्ड में जल्द ही जलनिकासी व्यवस्था में सुधार और स्वच्छता के स्तर में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।




