खैरागढ़. भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर जिले के अभनपुर स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र, झांकी में आयोजित राज्य स्तरीय एडवांस कब, स्काउट एवं रोवर स्काउट लीडर प्रशिक्षण शिविर में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 8 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक आयोजित इस सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के पांच स्काउट-गाइड लीडरों ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण में KCG जिले से रोवर स्काउट लीडर ओंकार लाल नेताम, शैलेन्द्र मानिकपुरी एवं लालेश कुमार कोठले, स्काउट लीडर चंदन मिंज तथा कब लीडर जयंत कुमार वर्मा शामिल हुए। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण अध्ययन, सामुदायिक विकास (कम्युनिटी डेवलपमेंट) एवं वन विद्या सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य लीडरों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ उन्हें सामाजिक गतिविधियों और स्काउटिंग-गाइडिंग के दायित्वों के लिए दक्ष बनाना रहा।

शिविर के दौरान आयोजित क्विज प्रतियोगिता में KCG जिले के रोवर स्काउट लीडर ओंकार लाल नेताम ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप भारत स्काउट्स एवं गाइड्स से संबंधित APRO-II पुस्तक प्रदान की गई। उनकी इस उपलब्धि से जिले के स्काउट-गाइड परिवार में उत्साह है। सात दिवसीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिता में सहभागिता को जिले में स्काउटिंग गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


