खैरागढ़. विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम कांचरी, जुनवानी, परसुली और बोदागढ़ का दौरा कर करीब 43 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में पुलिया, मंच, नवीन पंचायत भवन, सामुदायिक भवन और सीसी रोड का निर्माण शामिल है। विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक का स्वागत एवं नागरिक अभिनंदन किया।

चार गांवों में विकास कार्यों की सौगात
ग्राम कांचरी में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया गया। इसके निर्माण से विशेषकर बारिश के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं, विधायक निधि से 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंच का लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया गया।

ग्राम जुनवानी में 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। नए भवन से पंचायत के प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और ग्रामीणों को पंचायती राज से जुड़ी शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इसी तरह ग्राम परसुली में विधायक निधि से स्वीकृत 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया। भवन बनने से ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए स्थान उपलब्ध होगा। ग्राम बोदागढ़ में 5 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया। इससे गांव की आंतरिक गलियों में आवागमन सुगम होने तथा कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
‘हर गांव तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता’

कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गांवों के मुख्य मार्गों, पंचायत भवनों, सामुदायिक भवनों और सड़कों का सुदृढ़ीकरण जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। लोकार्पण एवं भूमिपूजन किए गए कार्यों से ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं के निराकरण में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जाएगा। जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की मांगों और समस्याओं का निराकरण करना उनका ध्येय है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की रही भागीदारी
कार्यक्रमों में स्थानीय ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने गांवों की पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में हो रहे कार्यों पर विधायक के प्रति आभार जताया। सभी ग्रामों में कार्यक्रमों के दौरान उत्सवी माहौल रहा।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता नीलांबर वर्मा, हेमकल्याणी तोड़े, दिलीप शर्मा, संदीप सिरमौर, ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि नरेंद्र सेन, हिमांचल राजपूत, संतोष वर्मा, टीकम वर्मा, यादराम साहू, कोमल वर्मा, अश्वनी वर्मा, नरेश वर्मा, चंद्रेश वर्मा, गैंदा पाल और अवध वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


