खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में व्यवसायी (व्यापार) प्रकोष्ठ की नई प्रदेश कार्यकारिणी, संभाग प्रभारियों एवं जिला संयोजकों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी सूची में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के लिए अजय जैन को व्यवसायी प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।
भाजपा के व्यवसायी प्रकोष्ठ का उद्देश्य प्रदेश के व्यापारियों एवं व्यवसायियों को संगठन से जोड़ना, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी समन्वय स्थापित करना तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों से जोड़ना है। साथ ही व्यापारिक समुदाय के बीच संगठन का विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देना और व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना भी प्रकोष्ठ की अहम जिम्मेदारियों में शामिल है।
जिला संयोजक नियुक्त किए जाने के बाद अजय जैन ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के व्यापारियों को भाजपा संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया जाएगा।
अजय जैन की नियुक्ति पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजानंद चंद्राकर सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में व्यवसायी प्रकोष्ठ जिले में संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगा।


